श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर के बाजारों में उत्साह चरम पर है। कान्हा के जन्मोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और बाजारों में आस्था व खरीदारी का अनूठा संगम दिखा ।महंगाई के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। लड्डू गोपाल की प्रतिमाओं से लेकर रंग-बिरंगी पोशाक, मुकुट, बांसुरी, झूले और श्रृंगार के सामान की दुकानों पर दिनभर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है।
घरों में लड्डू गोपाल की स्थापना और आकर्षक श्रृंगार के लिए श्रद्धालु जमकर खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों में जर्मन सिल्वर और पीतल से बने सुंदर झूले, विभिन्न आकार की लड्डू गोपाल की प्रतिमाएं, फूल-मालाएं, अशोक की पत्तियां, रंगोली के सामान तथा हाथी-घोड़े जैसे पारंपरिक खिलौनों की विशेष मांग देखी जा रही है। वही प्रभु के जन्म कराने के लिए खीरे की भी खूब बिक्री हुई।
दुकानदारों के अनुसार जन्माष्टमी पर्व को लेकर पिछले कई दिनों से बाजारों में रौनक बढ़ी है और खरीदारी लगातार तेज हो रही है। कहीं कान्हा के लिए आकर्षक झूले सजाए जा रहे हैं तो कहीं उनके श्रृंगार की विशेष वस्तुएं लोगों को आकर्षित कर रही हैं। पूरा शहर कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है और बाजारों में कान्हा के जन्मोत्सव की उल्लासपूर्ण झलक साफ दिखाई दे रही है।


