वाराणसी जंक्शन की मिक्सड पार्किंग में यात्रियों और उपभोक्ताओं से पार्किंग शुल्क के नाम पर मनमानी वसूली की शिकायतों के बाद रेलवे ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने पार्किंग संचालक पर ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
बताया जा रहा है कि पार्किंग शुल्क में अनियमित वसूली की शिकायतें काफी समय से सामने आ रही थीं। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से वसूली करने वालों के हौसले बढ़ रहे थे। यात्रियों की ओर से लगातार शिकायतें मिलने के बाद रेलवे अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया।
इसके बाद रेलवे की टीम ने औचक निरीक्षण किया, जिसमें पार्किंग व्यवस्था में कई अनियमितताएं सामने आईं। जांच के आधार पर रेलवे ने जुर्माने की कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि पार्किंग शुल्क में मनमानी वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी सख्त कार्रवाई होगी।


