सामने घाट पुल पर चेन स्नेचिंग, दो लुटेरे गिरफ्तार, लूटी गई चेन बरामद

सामने घाट पुल पर ई-रिक्शा से जा रही महिला के गले से चेन छीनकर फरार हुए दो लुटेरों को रामनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से छीनी गई पीली धातु की चेन बरामद की है। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से शहर में घूमकर महिलाओं को निशाना बनाते थे और मौका मिलते ही चेन व पर्स छीनकर फरार हो जाते थे।

3 सितंबर को महिला ने रामनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने सामने घाट पुल पर उसके गले से चेन छीन ली। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात के बाद दोनों बदमाश बंधा रोड की तरफ भागे हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बावन बिगहा मैदान स्थित दुर्गा मंदिर के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन दुबे और गौरव तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के दौरान लोगों द्वारा देख लिए जाने के बाद दोनों पकड़े जाने के डर से जंगल में छिपकर रात होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे मोटरसाइकिल से शहर में घूमते थे और मौका मिलते ही महिलाओं के गले से चेन या हाथ में रखा पर्स छीन लेते थे। लूटे गए सामान को बेचकर मिलने वाली रकम दोनों आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार गौरव तिवारी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ कपसेठी थाने में वर्ष 2023 में चोरी और चोरी का माल रखने समेत विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं।



रामनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को 3 सितंबर की रात करीब 9:15 बजे बावन बिगहा मैदान स्थित दुर्गा मंदिर के पास गिरफ्तार किया।  पुलिस दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, चौकी प्रभारी कस्बा उपनिरीक्षक शिवम सोनी, उपनिरीक्षक बाल योगेश्वर गौड़, पंकज मिश्रा, नितेश शर्मा, मनीष मौर्या तथा कांस्टेबल विपिन कुमार, दुर्गा प्रसाद और अजीत कुमार शामिल रहे।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post