शिवाला क्षेत्र के अग्रवाल रेडियो चौराहा पर सीवर के अंदर बोरा मिलने के मामले में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर सीवर, जलनिकासी और क्षेत्र की अन्य समस्याओं की जानकारी ली। अजय राय ने कहा कि घटना को नौ दिन बीतने के बाद भी बोरा सीवर में डालने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से मामले में कार्रवाई और सच्चाई जनता के सामने लाने की मांग की।
अजय राय ने कहा कि जलकल विभाग की ओर से तहरीर दिए जाने के बावजूद अब तक दोषियों की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है तो नौ दिन बाद भी आरोपियों को क्यों नहीं पकड़ा गया। राय ने कहा कि घटना स्थल पर स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, ऐसे में फुटेज की जांच कर यह पता लगाया जा सकता है कि बोरा कौन लेकर आया और उसे सीवर में किसने डाला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की सच्चाई सामने नहीं आती है तो कांग्रेस प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय का घेराव कर जवाब मांगेगी।
अजय राय ने काशी में सीवर, जलभराव और गंदगी जैसी समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र, प्रदेश और नगर निगम में भाजपा की सरकार होने के बावजूद जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच की बात कही। इस दौरान सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, चंचल शर्मा, प्रवीण प्रकाश, सुनील श्रीवास्तव, संतोष चौरसिया समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


