पति की गुमशुदगी के बाद ससुर पर छेड़छाड़ और धमकी के आरोप, महिला ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार

चोलापुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने ससुर पर छेड़छाड़, अश्लील हरकत और अवैध संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। महिला का कहना है कि उसका पति नवंबर 2024 में बाइक लेकर घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता है। काफी खोजबीन के बावजूद पति का कोई पता नहीं चल सका।

शिकायत के अनुसार, महिला अपने ढाई साल की बेटी के साथ ससुराल में रह रही है। आरोप है कि पति के लापता होने के बाद ससुर ने उसकी तलाश में कोई सहयोग नहीं किया। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर ससुर उसके साथ गाली-गलौज करते हैं और पिछले कुछ दिनों से छेड़छाड़ के साथ उस पर गलत संबंध बनाने का दबाव डाल रहे हैं।

महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि ससुर उसके कमरे और बाथरूम की ओर गलत नीयत से ताक-झांक करते हैं और धमकी देते हैं कि बात नहीं मानने पर उसे घर और संपत्ति से बेदखल कर देंगे। महिला ने अपनी और अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर खतरा जताते हुए पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post