शहर की सीवर लाइनों की सफाई के दौरान बालू की बोरियां, सीमेंट, पत्थर, लकड़ी का बुरादा समेत अन्य निर्माण सामग्री मिलने के मामले में समाजवादी पार्टी ने गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रेट जांच कराने और संबंधित क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
सपा नेताओं ने कहा कि सीवर में निर्माण सामग्री मिलना केवल जाम की समस्या नहीं, बल्कि लापरवाही, भ्रष्टाचार या मिलीभगत का संकेत हो सकता है। इससे सीवर जाम होने के साथ जलभराव, गंदे पानी और दुर्गंध की समस्या बढ़ती है।
ज्ञापन में नगर निगम, जलकल विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और संबंधित ठेकेदारों की भूमिका की जांच कर जिम्मेदारी तय करने, सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही सीवर लाइनों की तकनीकी व भौतिक जांच तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और सीसीटीवी व्यवस्था मजबूत करने की मांग रखी गई।
सपा ने जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।


