गणेश चतुर्थी के अवसर पर गढ़वासी टोला, गऊमठ, मणिकर्णिका घाट स्थित पंचक्रोशी प्रमुख श्री सिद्धिविनायक गणेश जी महाराज के दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर बाबा का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर दिनभर गणपति के जयघोष से गूंजता रहा।
मंदिर के महंत राजेंद्र शर्मा ‘दीपू गुरु’ ने ब्रह्म मुहूर्त में बाबा का पंचामृत स्नान कराया। इसके बाद नवीन वस्त्र धारण कराकर रंग-बिरंगे सुगंधित फूलों से भव्य शृंगार किया गया। ब्राह्मणों ने अथर्वशीर्ष का पाठ करते हुए मोदक से हवन में आहुति दी।
गणेशोत्सव के तहत आयोजित पांच दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रथम दिन कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियों के माध्यम से श्री गणेश के दरबार में हाजिरी लगाई। इस दौरान शहर दक्षिणी विधायक नीलकंठ तिवारी ने मंदिर पहुंचकर बाबा की वृहद आरती उतारी और आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर मंदिर के प्रबंधक पंडित गोपाल सुरेलिया, राजेंद्र शर्मा, ज्ञानेश्वर शर्मा, नित्यानंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


