पीडीआर मॉल के पास ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर परिवार के साथ कथित अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाते हुए भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त स्क्वाड्रन लीडर अजिताभ ने सड़क पर धरना शुरू कर दिया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
अजिताभ के मुताबिक, वह शाम करीब 6:30 बजे अपने परिवार के करीब 10 सदस्यों के साथ पीडीआर मॉल में फिल्म देखने जा रहे थे। चौराहे के पास ऑटो बदलने के दौरान सफेद वर्दी में पहुंचे दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर उन्होंने ई-रिक्शा को धक्का देने का आरोप लगाया। ई-रिक्शा में उनकी करीब 60 वर्षीय मामी बैठी थीं, जिन्हें चोट लगने की बात कही गई है।
आरोप है कि घटना का विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने परिवार के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की। अजिताभ ने कॉलर पकड़ने और मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया। सूचना पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बातचीत की, लेकिन समाधान नहीं निकलने पर परिवार और स्थानीय लोगों ने सड़क पर धरना शुरू कर दिया।
रिटायर्ड अधिकारी ने संबंधित पुलिसकर्मियों से सार्वजनिक और लिखित माफी, निष्पक्ष जांच, दोषी पाए जाने पर कार्रवाई और कारण बताओ नोटिस जारी करने की मांग की। उनका दावा है कि घटना से जुड़े वीडियो और प्रत्यक्षदर्शी भी मौजूद हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही दोनों पक्षों के आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


