दुर्गाकुंड स्थित इस्कॉन वाराणसी में 2 से 5 सितंबर तक चार दिवसीय जन्माष्टमी उत्सव मनाया जा रहा है। उत्सव के दौरान 24 घंटे लगातार हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन होगा। 2 और 3 सितंबर को सुबह 8 से 10 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा होगी। 4 और 5 सितंबर को शाम 6 से 11 बजे तक भजन, कीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें IIT-BHU के पूर्व छात्रों द्वारा गठित विशुद्ध बैंड भी प्रस्तुति देगा।
उत्सव का मुख्य आकर्षण 51 प्रकार की सामग्री और फूलों से भगवान श्रीकृष्ण का कलश महाभिषेक और भव्य आरती होगी। दो क्विंटल से अधिक देसी घी से तैयार हलवा प्रसाद वितरित किया जाएगा। कृष्ण को विशेष पारंपरिक और आधुनिक परिधानों से सजाया जाएगा।
समापन नंदोत्सव के साथ होगा, जिसमें श्रील प्रभुपाद कथा, कीर्तन, महाभिषेक, 108 प्रकार के व्यंजनों का महाभोग और भंडारा प्रसाद आयोजित किया जाएगा। इस्कॉन ने श्रद्धालुओं और आमजन को उत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया है।

