सीर गोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर के पीछे बारिश में कच्चा मकान ढहने के करीब नौ दिन बाद भी पीड़ित परिवार सरकारी सहायता का इंतजार कर रहा है। परिवार का आरोप है कि प्रशासन ने मदद का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक आवासीय या आर्थिक सहायता नहीं मिली।
हादसे में परिवार के चार सदस्य मलबे में दबकर घायल हुए थे, जिनमें दो को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। एक बकरी और कुत्ते की भी मलबे में दबने से मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंचे लेखपाल कुंदन सिंह ने मौके का निरीक्षण किया था।
परिजनों के मुताबिक, उन्हें आवासीय सहायता के साथ गेहूं, चावल और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया था। हालांकि, नौ दिन बाद तक आवास निर्माण के लिए कोई धनराशि नहीं मिली। परिवार का कहना है कि अब तक केवल 25 किलो चावल, एक किलो चीनी और एक किलो सरसों का तेल दिया गया है।
मकान पूरी तरह ढहने के बाद परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा है। पीड़ितों ने प्रशासन से तत्काल नियमानुसार आवासीय और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।


