काशी हिंदू विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव (शिक्षण) ए. वेलू के खिलाफ उनकी पत्नी की शिकायत पर लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पत्नी ने पति पर एक महिला नर्सिंग अधिकारी से लगातार बातचीत और कथित हस्तक्षेप को लेकर पारिवारिक जीवन में विवाद और अशांति पैदा करने का आरोप लगाया है। शिकायत में मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में महिला ने बताया कि वह वाराणसी में नई हैं और स्थानीय भाषा व परिस्थितियों से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। उन्होंने अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी जिक्र करते हुए कहा कि पारिवारिक विवाद का असर उनके बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
शिकायत के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले महिला को जानकारी मिली कि उनके पति एक महिला नर्सिंग अधिकारी के घर पर हैं। जानकारी मिलने पर वह वहां पहुंचीं। आरोप है कि वहां पति ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
महिला का कहना है कि उन्होंने पारिवारिक विवाद को खत्म कराने और मामले को सुलझाने के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी से दोनों पक्षों को बुलाकर समझाने का अनुरोध किया था। आरोप है कि इस पहल के बाद उनके पति और संबंधित महिला नर्सिंग अधिकारी उनसे नाराज हो गए।
मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।


