डंपर ने साइकिल सवार 16 वर्षीय छात्रा को कुचला, मौके पर मौत; ग्रामीणों ने लगाया जाम

चौबेपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार कक्षा नौ की छात्रा को कुचल दिया। हादसे में 16 वर्षीय रोशनी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर पहाड़िया-बलुआ मार्ग जाम कर दिया और धरने पर बैठ गए।

टाडिया बरथरा निवासी रोशनी सुबह करीब 9:30 बजे साइकिल से कच्चा बाबा इंटर कॉलेज जा रही थी। बिशनपुरा गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद छात्रा सड़क पर गिर गई और डंपर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे वाहन समेत पकड़ लिया। घटना की सूचना पर एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं जाल्हूपुर नायब तहसीलदार प्रीति पांडे भी मौके पर पहुंचीं।

ग्रामीणों और परिजनों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई और एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। करीब तीन घंटे तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। ग्रामीणों ने मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर भी नाराजगी जताई।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post