बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सक्रियता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग और एनडीआरएफ के संयुक्त प्रयास से प्रभावित इलाकों में लोगों को जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह के निर्देशन में राजकीय चिकित्सा अधिकारी एवं सीपीआर विशेषज्ञ डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने वरुणा नदी से लेकर नक्खी घाट तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
डॉ. द्विवेदी ने प्रभावित लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान जरूरतमंद लोगों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया और आवश्यकतानुसार दवाएं वितरित की गईं। उन्होंने बाढ़ के दौरान जलजनित और संक्रामक बीमारियों से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक भी किया।
लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का इस्तेमाल करने, भोजन और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा दूषित पानी के संपर्क से बचने की सलाह दी गई।


