लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की पांडेयपुर पुलिस चौकी में समाचार संकलन के दौरान पत्रकार देवेंद्र कुमार पांडेय से एक पुलिसकर्मी द्वारा दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। पत्रकार ने पुलिसकर्मी पर शराब के नशे में अभद्रता करने, वाहन की चाबी छीनने, मोबाइल लेने का प्रयास करने, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है।
देवेंद्र कुमार पांडेय के अनुसार, बुधवार शाम वह समाचार संकलन के लिए पांडेयपुर पुलिस चौकी पहुंचे थे। आरोप है कि चौकी में मौजूद पुलिसकर्मी ने उनके साथ अभद्रता करते हुए वाहन की चाबी छीन ली। घटना का वीडियो बनाने का प्रयास करने पर मोबाइल छीनने की कोशिश की गई और गाली-गलौज करते हुए धमकी दी गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि चौकी प्रभारी द्वारा पुलिसकर्मी को रोकने पर उसने चौकी प्रभारी के साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
पत्रकार का कहना है कि पूरी घटना चौकी प्रभारी की मौजूदगी में हुई और चौकी में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी घटना रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के साथ मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामले की शिकायत लेकर पत्रकार थाने पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद दर्जनों पत्रकार लालपुर-पांडेयपुर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। बारिश के बीच भी पत्रकारों का धरना जारी रहा। विरोध के दौरान कुछ पत्रकारों ने अर्धनग्न होकर भी प्रदर्शन किया और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पत्रकारों का आरोप है कि थानाध्यक्ष की ओर से आरोपी पुलिसकर्मी के उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई, जबकि इंस्पेक्टर द्वारा धरने पर बैठने की बात कहे जाने से पत्रकारों में नाराजगी और बढ़ गई। इसी को लेकर थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर सपा और कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल भी मौके पर पहुंचा और पत्रकारों के समर्थन में अपनी बात रखी। फिलहाल पत्रकार आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई, शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।


