वाराणसी, 13 सितंबर 2026। ‘नई सुबह एक उम्मीद’ सामाजिक संस्था के तत्वावधान में कबीर नगर में तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान तीज के पारंपरिक गीतों के साथ महिला सशक्तिकरण और हुनर से आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेविका सीमा अग्रवाल रहीं, जबकि संचालन संस्था की अध्यक्ष ममता ने किया। सीमा अग्रवाल ने तीज पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तीज केवल श्रृंगार का पर्व नहीं, बल्कि नारी के अखंड सौभाग्य, प्रेम, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व महिलाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।
संस्था की अध्यक्ष ममता ने बताया कि ‘हुनर से आत्मनिर्भरता की ओर’ अभियान के तहत बेटियों को मेहंदी जैसे पारंपरिक हुनर का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बेटियां इस हुनर के जरिए निःशुल्क सेवा देने के साथ-साथ इसे स्वरोजगार का माध्यम भी बना रही हैं। उन्होंने कहा कि हुनर के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
तीज महोत्सव के दौरान ढोलक-मंजीरे की थाप पर महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत गाए और हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाया। इस अवसर पर राजश्री साहनी, रेशमा देवी, शिवानी कुमारी, जॉनसन बेबी, नीतू गुप्ता, काजल गुप्ता, कुसुम विश्वकर्मा, डोली कुमारी, सानिया और नुजहत बानो ने महिलाओं को निःशुल्क मेहंदी लगाई।कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी बेटियों को प्रमाणपत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। मुख्य अतिथि सीमा अग्रवाल ने भी सभी बेटियों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में खुशबू उपाध्याय, सत्या सिंह राजपूत, मंजरी श्रीवास्तव, पिंकी दूबे, शशि अस्थाना, रितु जायसवाल, बिपाशा गोस्वामी, आरती दुबे, अनुराधा गुप्ता, श्रेया वर्मा, सुषमा गुप्ता, दिव्या गुप्ता और डोली पांडेय सहित क्षेत्र की कई गणमान्य महिलाएं मौजूद रहीं।



