कैंट रेलवे स्टेशन के सामने टवेरा गली स्थित एक गेस्ट हाउस में शनिवार देर रात पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, गेस्ट हाउस में भोजनालय और बस सेवा की आड़ में ‘स्पेशल सर्विस’ के नाम पर अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार महिलाओं, तीन युवकों और गेस्ट हाउस संचालक समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया।
शिकायत मिलने के बाद एसीपी चेतगंज शुभम जैन के नेतृत्व में सिगरा पुलिस की टीम ने परेड कोठी क्षेत्र स्थित गेस्ट हाउस पर छापा मारा। पुलिस के अचानक पहुंचते ही मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने गेस्ट हाउस का मुख्य गेट बंद कर सभी को पकड़ लिया।
इसके बाद पुलिस ने गेस्ट हाउस के कमरों की जांच की और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। संचालक और मैनेजर से भी गेस्ट हाउस में संचालित गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस ने मौके से अनैतिक गतिविधियों से संबंधित सामग्री भी बरामद कर जब्त की है।पुलिस अब यह जांच कर रही है कि गेस्ट हाउस में इस तरह की गतिविधियां कब से संचालित थीं और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। गेस्ट हाउस के रिकॉर्ड और गतिविधियों से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार किए गए लोगों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


