स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल, बनपुरवां के प्रांगण में शिक्षक दिवस के अवसर पर वृहद शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वाराणसी एवं सोनभद्र की सभी शाखाओं से आए लगभग 350 शिक्षकों, शिक्षिकाओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।समारोह का शुभारंभ शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विद्यालय प्रबंधन की ओर से आमंत्रित प्रत्येक शिक्षक, शिक्षिका एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी को पुष्पाहार, अंगवस्त्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रबंधक बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने कहा कि शिक्षक दिवस केवल एक तिथि या एक दिन नहीं, बल्कि जीवन में शिक्षकों के महत्व को याद करने का अवसर है। शिक्षक न केवल शिक्षा प्रदान करते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का संवर्धन कर उन्हें सशक्त, सक्षम एवं संस्कारित नागरिक बनाने में सतत योगदान देते हैं। उन्होंने शिक्षकों से इसी भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहने की अपेक्षा व्यक्त की।
सम्मान समारोह से अभिभूत शिक्षकों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान नाटक, कजरी, नृत्य एवं गायन की प्रस्तुतियों ने समारोह में रंग भर दिया। शिक्षकों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।बनपुरवां शाखा के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार चौबे ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम का संचालन छात्राद्वय हर्षिता एवं श्रेया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन छात्रावास अधीक्षक ले. एम.एस. यादव (सेवानिवृत्त) ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय समूह के प्रधानाचार्यगण सी.एस. सिंह, रचना अग्रवाल, ए.के. वर्मा, डॉ. रामेश्वर प्रसाद गुप्ता एवं नीरज श्रीवास्तव सहित सभी शाखाओं के शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।


