लालपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर में शुक्रवार को चौरा माता मंदिर की जमीन की ओर खिड़की और दरवाजा खोले जाने के विरोध में ग्रामीणों ने दौलतपुर रोड पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। आकाश विकास कॉलोनी के पास स्थित चौरा माता मंदिर को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों के अनुसार, चौरा माता मंदिर ग्राम समाज की जमीन पर स्थित है। आरोप है कि मंदिर के आसपास रहने वाले कुछ लोगों द्वारा मंदिर की जमीन की ओर खिड़की और दरवाजा खोला जा रहा है। ग्रामीणों ने इसे मंदिर की जमीन में दखल बताते हुए विरोध किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले को लेकर थाने पर तहरीर भी दी गई थी, लेकिन थाना प्रभारी के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीण नाराज हो गए और सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया।
ग्रामीणों ने मांग की कि मंदिर की जमीन की ओर खोले जा रहे खिड़की-दरवाजे की जांच कर कार्रवाई की जाए और मंदिर की जमीन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण न होने दिया जाए। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल की जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई।


