पुश्तैनी जमीन पर कब्जे के प्रयास का आरोप, महिला ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर में पुश्तैनी जमीन पर कब्जे के प्रयास और मारपीट का आरोप लगाते हुए चन्द्रावती देवी ने पुलिस-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि पारिवारिक बंटवारे में मिली करीब 1040 वर्गफीट जमीन पर बाउंड्रीवाल और गेट होने के बावजूद कुछ लोग कब्जे का प्रयास कर रहे हैं।चन्द्रावती देवी पत्नी स्वर्गीय छविनाथ पटेल के अनुसार, उनके ससुर बुधीराम पटेल की पुश्तैनी जमीन के पारिवारिक बंटवारे में उन्हें आराजी नंबर 210 में जमीन मिली थी। वर्ष 2023 में पति की मौत के बाद वह अपनी तीन बेटियों और पांच वर्षीय पुत्र के साथ रह रही हैं। आरोप है कि उनके भतीजे अनिल पटेल, उसकी पत्नी सोना खान, अनीता पटेल और सोनू समेत कुछ अन्य लोग जमीन पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। महिला का कहना है कि कई बार बाउंड्रीवाल गिराने, गेट का ताला तोड़ने, मारपीट और धमकी देने की घटनाएं भी हो चुकी हैं।

महिला के मुताबिक, 4 सितंबर 2026 को भी विपक्षी एकजुट होकर बाउंड्रीवाल गिराने और ताला तोड़ने पहुंचे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और बेटियों से अभद्रता की गई। शोर सुनकर डायल-112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद आरोपी मौके से चले गए।

पीड़िता का कहना है कि 5 सितंबर को मंडुवाडीह थाने में प्रार्थना पत्र देने के बावजूद मेडिकल नहीं कराया गया और अपेक्षित कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल और वाराणसी कमिश्नरेट में भी शिकायत की और रिमाइंडर दिया। महिला ने प्रशासन से जमीन के दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा यदि उनका अधिकार साबित होता है तो कब्जे का प्रयास करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपने और बच्चों की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post