वार्ड संख्या 23 के सीर गोवर्धनपुर क्षेत्र स्थित डाफी में जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अशोकपुरम और बजरंगनगर समेत कई कॉलोनियों में सड़क और गलियों में कई दिनों से पानी जमा है, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।स्थानीय लोगों के अनुसार डाफी क्षेत्र में कई अस्पताल और चिकित्सा संस्थान हैं। री-लाइफ केयर अस्पताल के सामने भी कमर तक पानी जमा होने की स्थिति है, जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी हो रही है। क्षेत्रीय निवासी पूजा सिंह ने बताया कि उनके इलाके में करीब 20 दिनों से घुटने के ऊपर तक पानी जमा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल, जिलाधिकारी और नगर निगम में शिकायत की, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।
वहीं डाफी हरिजन बस्ती में भी लंबे समय से पानी जमा होने से गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की शिकायत है। स्थानीय लोगों ने बीमारियों की आशंका जताते हुए फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और सफाई के साथ जलनिकासी की तत्काल व्यवस्था कराने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि हर बरसात में जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल पानी निकलवाने के साथ नालियों और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है।

