आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र में बुखार और कम प्लेटलेट्स से पीड़ित 42 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। केदलीपुर ठेकमा स्थित किसलय सेवा सदन में रविवार देर शाम हुई मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। परिवार ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका माधुरी देवी पत्नी विनोद गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव की रहने वाली थीं। परिजनों के अनुसार, वह कई दिनों से बुखार और कम प्लेटलेट्स की समस्या से पीड़ित थीं। रविवार को उन्हें इलाज के लिए किसलय सेवा सदन में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सक संदीप मौर्य की देखरेख में उपचार चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान बोतल चढ़ाए जाने के बाद अचानक माधुरी की हालत बिगड़ गई और उनके मुंह से झाग आने लगा।
हालत बिगड़ने पर चिकित्सक ने माधुरी को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल से निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन वापस अस्पताल पहुंचे और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


