वाराणसी में 30 अक्टूबर को होगा PDA व्यापारी मंडलीय सम्मेलन, 2 हजार से अधिक व्यापारियों के जुटने का दावा

वाराणसी। समाजवादी व्यापार सभा की ओर से आगामी 30 अक्टूबर को वाराणसी में PDA व्यापारी मंडलीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में वाराणसी मंडल के वाराणसी, चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर जिलों से 2 हजार से अधिक व्यापारियों, वैश्य समाज के प्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसकी जानकारी समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सम्मेलन के आयोजक प्रदीप जायसवाल ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी

प्रदीप जायसवाल ने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर व्यापारियों और वैश्य समाज को पार्टी से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न जिलों और मंडलों में सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 30 अक्टूबर को वाराणसी में 18वें और अंतिम मंडलीय सम्मेलन का आयोजन होगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से पिपलानी कटरा-कबीर रोड स्थित सरोजा पैलेस के वातानुकूलित सभागार में आयोजित किया जाएगा।सम्मेलन में घोसी के सांसद राजीव राय और समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी आशुतोष सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान प्रदीप जायसवाल ने व्यापारी और वैश्य-बनिया समाज के प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की। इस दौरान समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं मंडल प्रभारी मुरलीधर जायसवाल, राजकुमार यादव, संजीव जायसवाल, आलोक प्रकाश गुप्ता, प्रदीप मोदनवाल, काशीनाथ गुप्ता, सोहन लाल चौरसिया, रवि जायसवाल, चरन दास गुप्ता, मोहम्मद अफजल सिद्दीकी और सुजीत गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post