वाराणसी में प्रदूषण बढ़ने से स्वास्थ्य पर खतरा,AQI 176 तक पहुंचा; एक सप्ताह बाद घने कोहरे के आसार

वाराणसी में मौसम में बदलाव के साथ वायु प्रदूषण का असर भी बढ़ने लगा है। गुरुवार सुबह ग्रामीण इलाकों में धुंध छाई रही, हालांकि सूरज निकलने के बाद इसका प्रभाव कम हो गया। दिन में तेज धूप से लोगों को राहत मिली, लेकिन सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। गुरुवार को शहर का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा की रफ्तार 5 किलोमीटर प्रति घंटे और नमी का स्तर 65 प्रतिशत रहा।

शहर के अलग-अलग इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 151 से 176 के बीच दर्ज किया गया। इस स्तर का प्रदूषण सेहत पर असर डाल सकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में सुबह के समय धुंध बढ़ने के साथ ठंडक में भी इजाफा हो सकता है। करीब एक सप्ताह बाद सुबह कोहरा अधिक घना होने की संभावना जताई गई है। फिलहाल दिन में धूप निकलने से राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम का बदलता मौसम लोगों को सर्दी के आगमन का एहसास कराने लगा है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post