एयर शो के चलते वाराणसी में बदली यातायात व्यवस्था,राजघाट पुल बंद; 56 जगहों पर पार्किंग

वाराणसी में नमो घाट पर एयर शो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित वीवीआईपी मेहमानों के आगमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। शहर में भीड़ और जाम की स्थिति से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों के रूट बदल दिए हैं। रोडवेज बसों, निजी बसों और टेम्पो ट्रैवलर को भी निर्धारित बाहरी मार्गों से निकाला जाएगा, जबकि मिर्जापुर और सोनभद्र की ओर से आने वाले भारी वाहनों को औराई और भदोही के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।

सुरक्षा के मद्देनजर राजघाट गंगा पुल पर वाहनों के साथ पैदल चलने वालों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी। वहीं, सामने घाट पुल से केवल दोपहिया वाहन और पैदल यात्री गुजर सकेंगे। रिंग रोड पुल और विश्वसुंदरी गंगा पुल पर यातायात सामान्य रहेगा। एयर शो देखने आने वाले लोगों के वाहनों के लिए शहर में 56 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इनमें गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग, बेनियाबाग मैदान, टाउनहॉल मैदान, क्वींस कॉलेज, बीएचयू परिसर, अस्सी क्षेत्र और रामनगर के निर्धारित मैदान शामिल हैं।

वीवीआईपी आवाजाही और आपातकालीन सेवाओं के लिए नमो घाट से अस्सी सहित प्रमुख इलाकों में ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है। नमो घाट, राजघाट, दशाश्वमेध, अस्सी और रामनगर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी लें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त समय लेकर चलें। यातायात संबंधी सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम 7839856994 और हेल्पलाइन 7317202020 पर संपर्क किया जा सकता है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post