नर्सिंग संवर्ग की लंबित मांगों को लेकर राजकीय नर्सेज संघ, उत्तर प्रदेश का चरणबद्ध आंदोलन जारी है। इसी क्रम में बुधवार को वाराणसी के कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में नर्सिंग कर्मियों ने आंदोलन के समर्थन में नारेबाजी करते हुए कार्य बहिष्कार किया। कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों के समाधान और अधिकारों व सम्मान की रक्षा की मांग उठाई।
संघ की ओर से 9 से 20 अक्टूबर तक काली फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के विरोध में 21 अक्टूबर से प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक दो घंटे के कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत कबीरचौरा अस्पताल में नर्सिंग कर्मियों ने विरोध जताया।
आंदोलन के अगले चरण में 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे लखनऊ स्थित स्वास्थ्य भवन के महानिदेशालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है, जिसमें प्रदेशभर के नर्सिंग अधिकारियों के शामिल होने की बात कही गई है। संघ ने शासन से लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। साथ ही मरीजों के हितों को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन और अति आवश्यक चिकित्सा सेवाओं को प्रभावित नहीं होने देने का प्रयास करने की बात कही है।


