बसंत पब्लिक स्कूल में अर्धवार्षिक परीक्षा अंक पत्र वितरण समारोह एवं दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम आने से विद्यालय में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
समारोह के दौरान कक्षा अध्यापिकाओं ने विद्यार्थियों को अंक पत्र वितरित किए और उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी अभिभावकों के साथ साझा की। दीपोत्सव के अवसर पर पूरे विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की मनमोहक झांकी ने समारोह को विशेष आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया।
विद्यालय की डायरेक्टर करुणा यादव ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की बेहतर परवरिश और पढ़ाई में उनकी सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों को मोबाइल के अनावश्यक इस्तेमाल से दूर रखने तथा उनके स्क्रीन टाइम पर नियंत्रण रखने की सलाह दी।कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। शैक्षणिक उपलब्धियों के उत्सव और दीपोत्सव के उल्लास ने समारोह को यादगार बना दिया।


