वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में धनतेरस, दीपावली और अन्नकूट पर्व के मद्देनजर आरती, सुगम दर्शन और रुद्राभिषेक की टिकट बुकिंग पर अस्थायी रोक लगाई गई है। मंदिर न्यास के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को मध्याह्न भोग आरती के बाद से 10 नवंबर की शाम सप्तऋषि आरती तक ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। यह फैसला पर्व से जुड़े पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों और तैयारियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हालांकि, इस दौरान श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे।
अन्नकूट पर्व की तैयारियों के लिए मंदिर के गर्भगृह के पश्चिमी द्वार के पास सजावट की जाएगी। ऐसे में पश्चिमी द्वार से प्रवेश करने वाले भक्तों को अन्य निर्धारित द्वारों से दर्शन की व्यवस्था मिलेगी। मंदिर न्यास ने यह भी स्पष्ट किया कि 24 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर दर्शन जारी रहेंगे। श्रद्धालुओं से मंदिर प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और दर्शन व टिकट संबंधी जानकारी के लिए आधिकारिक माध्यमों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

