वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिषेक गोयल ने बताया कि 12 जून को विदेशी डेलीगेट्स वाराणसी में नये बने नमो घाट पहुंचेंगे। मोदी-योगी सरकार के द्वारा वाराणसी की खूबसूरती में इजाफा करते हुए निर्मित नमो घाट पर मेहमानों का स्वागत मशहूर ढोल नृत्य बमरसिया से होगा। ढोल की थाप पर थिरकते कलाकार अनूठे अंदाज में विदेशी दिग्गजों का स्वागत गंगातट पर करेंगे। यहीं पर विदेशी डेलीगेट्स के लिए कहरवा लोकनृत्य का भी आयोजन होगा।
वाराणसी के ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर में प्रदेश की शिल्पकारी का अवलोकन करने के दौरान विदेशी मेहमानों के लिए थारू लोकनृत्य और ढेडिया लोकनृत्य का आयोजन किया जाएगा जबकि होटल ताज में दोबारा आगमन पर ब्रिटिश बैगपाइपर की तर्ज पर उत्तराखंड की मस्कबीन की सुमधुर ध्वनि मेहमानों को आकर्षित करेगी।इसके बाद शाम को होटल ताज में स्टेट डिनर के दौरान बांसुरी, वायलिन और तबले की मंत्रमुग्ध कर देने वाली ध्वनि संगीत भरे माहौल में भोजन के स्वाद को और बढ़ा देगी। इस दौरान थीम बेस्ड क्लासिकल डांस का भी आयोजन किया जाएगा। वहीं 13 जून को सारनाथ स्थित संग्रहालय में विदेशी अतिथियों का स्वागत 'हुड़क मजीरा' और 'मयूर लोकनृत्य' के जरिए होगा।
