मंगलवार को देवाधिदेव महादेव की नगरी में काशी के कोतवाल बाबा श्री कालभैरव जी के स्वर्ण रजत निर्मित पंचवदन प्रतिमा की भव्य 70 वी शोभायात्रा के अद्भुत पलों को हर भैरव भक्त गलियों में सड़कों पर रुक कर दर्शन कर अपने को धन्य महसूस कर रहे थे।पूर्वांचल व काशी के जनप्रतिनिधि, पीठाधीश्वर, सामाजिक व आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि स्वर्णकार समाज के लोग तथा काशी कि हजारों धर्म परायण जनता स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी की ओर से सन 1954 में निर्मित बाबा श्री काल भैरव जी के स्वर्ण रजत प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा का माहौल जो प्रतिवर्ष आषाढ़ सुदी द्वितीया के दिन स्वर्णकार बंधु निकालते हैं, भक्तिमय हो गया।इस बार शोभायात्रा के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी रहे।
शोभायात्रा के प्रारंभ में चौखंभा स्थित काठ की हवेली पर अध्यक्ष कमल कुमार सिंह, महामंत्री सतीश कुमार सिंह एवं कमेटी के पदाधिकारियों सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बाबा की आरती उतारी। शोभायात्रा में आगे ताशा बाजा के साथ ध्वजा पताका लिए श्रद्धालु चल रहे थे तथा 11 छतरी युक्त घोड़ो पर देव स्वरूप धारण किए उनके गणों के साथ बैंड बाजा की धुनों के साथ टोली निकली। माता काली, मां दुर्गा के स्वरूप भी अपने करतब दिखाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा के दौरान गोविंदेश्वर महादेव की झांकी आकर्षण का केंद्र रहा तथा टीम के सदस्य डमरुओं की गड़गड़ाहट से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर रहे थे।
शोभायात्रा अपने परंपरागत मार्ग चौखंभा स्थित काठ की हवेली से उठकर बीबीहटिया, जतनबर, विशेश्वरगंज, महामृत्युंजय, दारानगर, गोलघर होते हुए कालभैरव चौराहे तक गई, जहां बाबा की भव्य आरती उतारकर प्रतिमा को मंदिर में प्रतिस्थापित किया गया। शोभायात्रा के दौरान मुख्य रूप से पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर महंत बालक ,रामअवध दास भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, मंत्री दयाशंकर मिश्र , विधायक डॉक्टर नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी सहित बड़ी संख्या में भक्त शामिल रहे

