नमामि गंगे द्वारा भगवान जगन्नाथ का पूजन कर सभी को दिया गया स्वच्छता का संदेश

 विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा मेले के अन्तिम दिन नमामि गंगे ने जगन्नाथ भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा की आरती उतारकर लोक कल्याण की कामना की । भगवान जगन्नाथ को प्रिय वस्तुओं का भोग लगाकर खुशहाल और आत्मनिर्भर भारत के लिए गुहार लगाई । सदस्यों ने काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में रथ के आसपास सफाई कर स्वच्छता को संस्कार के रूप में शामिल करने का संदेश दिया । रथयात्रा मेले में उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं एवं पूजन सामग्री के दुकानदारों से पर्यावरण संरक्षण हेतु सिंगल यूज़ पॉलीथिन का उपयोग न करने की अपील की गई। ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु श्रद्धालुओं में तुलसी के पौधे व कपड़े के झोले का वितरण किया गया । 

संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी के साथ शहर भ्रमण को निकले हैं । हमें स्वच्छता का ख्याल रखना है । हमारे अराध्य देवों ने भी हमें स्वच्छता का संदेश दिया है । सभी प्रकार की पूजा स्वच्छता के बिना अधूरी है । कहा कि स्वास्थ्यवर्धक पर्यावरण का निर्माण करना हमारी भी जिम्मेदारी है इसलिए पेड़ लगाएं और पॉलीथिन का उपयोग न करें । आयोजन में प्रमुख रूप से बीना गुप्ता, पुष्पलता वर्मा, सुनीता जायसवाल, रीता पटेल, गीता सचदेवा व बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे ।

Post a Comment

Previous Post Next Post