बनारस में गंगा एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुकी हैं। हर घंटे दो सेंटीमीटर की गति से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। रविवार सुबह 8 बजे तक गंगा का स्तर 62.78 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर बढ़ने के चलते तटवर्ती इलाकों में अलर्ट मोड पर काम शुरू हो गया है। केंद्रीय जल आयोग, एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम लगातार निगरानी में लगी हुई है। साथ ही बाढ़ चौकियों पर कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं और जरूरी इंतजाम भी पूरे किए जा रहे हैं।वाराणसी में गंगा का चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर और खतरे का बिंदु 71.262 मीटर है।
फिलहाल जलस्तर चेतावनी बिंदु से करीब 8 मीटर नीचे है, इसलिए डरने की जरूरत नहीं है, मगर सावधानी बेहद जरूरी है।गौरतलब है कि पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश की वजह से बीते कुछ दिनों में गंगा का जलस्तर तेज़ी से बढ़ा था। शुक्रवार और शनिवार को जलस्तर स्थिर रहा, लेकिन शनिवार शाम से फिर बढ़ोतरी शुरू हो गई। प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि वे तटवर्ती इलाकों में सतर्क रहें और नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं।