सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध बिना नंबर प्लेट की बाइक से आ रहे थे। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो दोनों कच्चे रास्ते से भागने लगे। पीछा करने पर बाइक फिसल गई और बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी।जवाबी फायरिंग में एक बदमाश रमजान उर्फ रमजानी के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। उसका साथी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर भाग निकला।
घायल रमजान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने रमजान के पास से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की। पुलिस के मुताबिक, रमजान पर गैंगस्टर एक्ट, चोरी और अन्य अपराधों के कुल छह मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार था।एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि फरार साथी की तलाश के लिए दबिश जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
