जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग जगहों पर हुए भूस्खलन में उत्तर प्रदेश के दो युवकों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए।पहला हादसा मनसा लेक के पास हुआ। आगरा के खेरागढ़ कस्बे के विनोद बंसल का बेटा शिव बंसल अपने चार दोस्तों के साथ कार से घूमने जा रहा था। रास्ते में लैंडस्लाइड होने पर सभी कार से उतर गए। तभी अचानक पीछे से पहाड़ खिसका और एक बड़ा पेड़ पांचों दोस्तों को खाई में ले गया। वे नदी में गिर पड़े। तेज बहाव के कारण शिव, यश गर्ग और प्रांशु बह गए, जबकि दीपक मित्तल और आदित्य किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए। ड्राइवर भी बाद में सुरक्षित बाहर आ गया।
हादसे के करीब दो घंटे बाद NDRF और पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।दूसरा हादसा वैष्णो देवी धाम के पास हुआ। मुजफ्फरनगर के कार्तिक (22) अपने परिवार के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए गया था। वापसी के दौरान पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। परिवार के पांच अन्य सदस्य घायल हैं और उनका इलाज जम्मू के अस्पताल में चल रहा है।इन हादसों से दोनों परिवारों में गहरा शोक है। मृतक शिव बीएससी थर्ड ईयर का छात्र था, जबकि कार्तिक मेहनती और होनहार युवक बताया गया।
