एशिया कप के तुरंत बाद बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच व्हाइट-बॉल सीरीज का आयोजन होगा। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) के अनुसार, तीन वनडे और तीन टी-20 मुकाबले UAE में खेले जाएंगे।टी-20 मैच 2, 3 और 5 अक्टूबर को होंगे, जबकि वनडे मुकाबले 8, 11 और 14 अक्टूबर को खेले जाएंगे। हालांकि, इन मैचों के लिए स्टेडियमों की घोषणा अभी बाकी है।एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक UAE में होगा, जिसमें बांग्लादेश और अफगानिस्तान एक ही ग्रुप में हैं। इस ग्रुप में श्रीलंका और हांगकांग भी शामिल हैं। दोनों टीमें एशिया कप के दौरान 16 सितंबर को अबू धाबी में आमने-सामने होंगी।
यह सीरीज पहले जुलाई 2024 में ग्रेटर नोएडा (भारत) में होनी थी, जिसमें दो टेस्ट मैच भी शामिल थे, लेकिन खराब मौसम और बांग्लादेश के व्यस्त कार्यक्रम के कारण इसे टाल दिया गया था।अब तक दोनों टीमों के बीच चार वनडे सीरीज हुई हैं, जिनमें दोनों ने 2-2 बार जीत दर्ज की है। अफगानिस्तान ने पिछली दो सीरीज (2023 और 2024) जीतीं, जबकि बांग्लादेश ने 2016 और 2022 में जीत हासिल की थी। टी-20 सीरीज में भी मुकाबला बराबरी का रहा है—अफगानिस्तान ने 2018 में, बांग्लादेश ने 2023 में जीता और 2022 में सीरीज ड्रॉ रही।
