बांग्लादेश के स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने टी-20 क्रिकेट में एक और बड़ा माइलस्टोन हासिल कर लिया है। उन्होंने कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 में एंटिगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स की ओर से खेलते हुए 500 विकेट पूरे कर लिए। शाकिब ऐसा करने वाले दुनिया के पांचवें गेंदबाज बन गए हैं।सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शाकिब को इस उपलब्धि के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी, जो उन्होंने अपनी छठी गेंद पर ले लिया। इसके बाद उन्होंने दो और विकेट चटकाए। उन्होंने दो ओवर में 11 रन देकर कुल 3 विकेट लिए।पैट्रियट्स पहले बल्लेबाजी करते हुए 133/9 रन ही बना सके।
मोहम्मद रिजवान (26) और एविन लुईस (32) के अलावा कोई बल्लेबाज टिक नहीं पाया। टीम के चार खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और तीन रन आउट हुए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाल्कन्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन करिमा गोर के नाबाद 52 रनों की बदौलत टीम ने दो गेंद शेष रहते 7 विकेट से जीत दर्ज की। शाकिब ने भी बल्ले से योगदान देते हुए 18 गेंदों पर 25 रन बनाए, जिसमें एक छक्का और एक चौका शामिल था।शाकिब टी-20 में न केवल 500 विकेट ले चुके हैं, बल्कि 7574 से अधिक रन भी बना चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने एक बार फिर खुद को दुनिया के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडरों में साबित किया है।
