बरेका फुटबॉल नर्सरी के तत्वाधान में चल रही फुटबॉल प्रतियोगिता का दूसरा दिन बेहद रोमांचक रहा। खेले गए मुकाबले में फुटबॉल नर्सरी और कंचनपुर बालक (यू-12) टीम के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। आज के मैच में मुख्य अतिथि के रूप में बिहारी राजपाल पहलवान, कोच भैरव दत्त, विनोद सिंह (खेलकूद आयाम), अविनाश सिंह (वरिष्ठ रंगमंच कलाकार) और नरेश यादव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मैच की शुरुआत में कंचनपुर टीम ने बढ़त बना ली। टीम की ओर से पहला गोल शिवम बिंद ने और दूसरा गोल अल्तमस ने किया। पहले हॉफ के बाद कंचनपुर 2-0 से आगे थी। दूसरे हॉफ में फुटबॉल नर्सरी ने शानदार वापसी की। ध्रुव देशवाल ने लगातार दो गोल दागकर अपनी टीम को बराबरी पर ला खड़ा किया। निर्धारित समय तक स्कोर 2-2 रहने पर पेनल्टी शूटआउट कराया गया। पेनल्टी शूटआउट में कंचनपुर टीम से रियाज अहमद, अल्तमस अली और कप्तान आदर्श ने गोल किए। वहीं, फुटबॉल नर्सरी की ओर से अमृत शाह, आर्यन पटेल, समर प्रजापति और ध्रुव देशवाल ने गोल दागे। परिणामस्वरूप फुटबॉल नर्सरी ने 2 (4) – 2 (3) से जीत हासिल की। मैच में ध्रुव देशवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल तीन गोल दागकर हैट्रिक बनाई और टीम के हीरो रहे। फुटबॉल नर्सरी के गोलकीपर समर प्रजापति ने भी उम्दा बचाव दिखाते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई। मैच का संचालन राष्ट्रीय खिलाड़ी श्रेया, कोमल और अंजली ने रेफरी के रूप में किया।
