कौशांबी में ऑनर किलिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। चरवा थाना क्षेत्र के रतगहा गांव के रहने वाले 20 वर्षीय अंकुल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अंकुल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब दो साल से उसका गांव की ही रहने वाली रोशनी से प्रेम संबंध था। दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ छह महीने पहले तिल्हापुर स्थित एक मंदिर में शादी कर ली थी। तभी से लड़की के परिजन इस शादी को लेकर नाराज चल रहे थे और रंजिश पाले हुए थे। शाम करीब साढ़े सात बजे अंकुल घर से सामान लेने निकला, तभी लड़की के घरवालों ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और जबरन उठाकर एक खाली मकान में ले गए। वहां पहले लात-घूसों से पीटा और फिर कुल्हाड़ी से वार कर लहूलुहान कर दिया। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए।गंभीर हालत में अंकुल को स्थानीय सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। खून अधिक बह जाने के कारण देर रात करीब 11 बजे उसने दम तोड़ दिया। अंकुल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।
सुबह आक्रोशित परिजनों ने चरवा थाने का घेराव किया और आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को बचा रही है। जब पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें हटाया तो परिजनों ने भरवारी-चरवा मार्ग पर जाम लगा दिया। परिजनों का कहना है कि सैय्यद सरावां चौकी प्रभारी ने आरोपियों से 2 लाख रुपये की घूस लेकर मामले को दबाने की कोशिश की है।अंकुल की पत्नी रोशनी ने भी बयान दिया कि उसके अपने चाचा विजय, भाई आकाश, कमला देवी और रोहित ने मिलकर पति की हत्या की और उसे भी पीटा। मृतक की मां उमा देवी ने आरोप लगाया कि पुलिस के सामने ही उनके बेटे को मारा गया, लेकिन अधिकारी चुप रहे। घटना की सूचना पर सीओ अभिषेक सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खून के नमूने व अन्य साक्ष्य जुटाए। वहीं, पुलिस का कहना है कि अब तक मृतक परिवार की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है, जैसे ही शिकायत मिलेगी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल लड़की के माता-पिता मुंबई में रहते हैं और उनके लौटने के बाद मामले में और खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और गांव में तनाव का माहौल है।
