बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली को कंटेनर ने मारी टक्कर, 9 श्रद्धालुओं की मौत, 42 घायल

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कासगंज से राजस्थान के गोगामेड़ी दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को नेशनल हाईवे-34 पर घटाल गांव के पास एक कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा रात करीब 2 बजे हुआ, जिसमें मां-बेटे सहित 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 42 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।मरने वालों में 6 वर्षीय बच्चा, 5 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान कासगंज निवासी ईपू बाबू (40), रामबेटी (65), चांदनी (12), धनीराम (40), मोक्षी (40), शिवांश (6), योगेश (50), लेखराज (40) और विनोद (45) के रूप में हुई है।हादसे के समय श्रद्धालु सो रहे थे। कंटेनर की जोरदार टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। 

बताया जा रहा है कि ट्रॉली को दो हिस्सों में बांटकर डबल डेकर बना दिया गया था, ताकि अधिक लोग बैठ सकें। कंटेनर में धान की भूसी लदी थी और टक्कर के बाद उसका चालक मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। 10 घायलों को बुलंदशहर जिला अस्पताल, 23 को खुर्जा और 10 को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा अचानक हुआ। राजकुमार नामक घायल ने बताया कि ट्रैक्टर धीमी रफ्तार में चल रहा था और सभी लोग सोए हुए थे, तभी कंटेनर ने टक्कर मार दी। दशरथ नाम के एक अन्य श्रद्धालु ने कहा कि हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई, राहगीर मदद के लिए रुके और पुलिस टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।


Post a Comment

Previous Post Next Post