आगरा के बाह क्षेत्र के जैतपुर गांव में दोपहर के समय सनसनी फैल गई जब एक जंगली जानवर घर में घुस आया और आंगन में खेल रही 3 साल की बच्ची अर्पिता पर हमला कर दिया। जानवर ने बच्ची को अपने जबड़ों में दबोचकर खींचने की कोशिश की, तभी उसकी मां रीमा ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी बेटी को बचाने के लिए जान की परवाह किए बिना सीधे उस पर हमला कर दिया। करीब 15 मिनट तक चली इस जद्दोजहद में रीमा ने न केवल बच्ची को छुड़ाया बल्कि खुद भी कई गंभीर चोटें खाईं। हमले में अर्पिता के सिर और चेहरे पर गहरे घाव आए हैं जबकि रीमा के सिर और उंगली पर भी काटने के निशान हैं।
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक जानवर भाग निकला और खोजने पर भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। परिवार का कहना है कि यह हमला तेंदुए ने किया, जबकि वन विभाग का कहना है कि इस इलाके में तेंदुआ कभी देखा नहीं गया है और संभवतः यह हमला लकड़बग्घा या सियार का हो सकता है। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची और पगचिन्हों व निशानों के आधार पर हमलावर जानवर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल मां-बेटी दोनों को आगरा के एस.एन. मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद जैतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा छोटे बच्चों को घर के बाहर अकेले न छोड़ने की सलाह दी गई है।
