मांडा थाना क्षेत्र के सुरवांदला पुर गांव में सोमवार दोपहर एक हादसे में 36 वर्षीय मजदूर संतोष उर्फ बबलू की जान चली गई। वह प्रधान सत्यनारायण पटेल के भाई के निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, पिलर की खुदाई के दौरान संतोष लोहे की सरिया लेकर आगे बढ़ा, जो ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज तार से टकरा गई। करंट लगते ही उसने मौके पर दम तोड़ दिया।
हादसा होते ही वहां मौजूद अन्य मजदूर घबराकर भाग गए।मृतक के परिवार में पत्नी सोनू देवी और छह बच्चे – पल्लवी, रोशनी, लाडो, छोटी, शांति और बाबू हैं। साथ ही मां सोना देवी और दो भाई भी हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है और मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि इसी इलाके में पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर मांडा शैलेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
