ठठेरी बाजार स्थित शेरवाली कोठी के शीशमहल में मुंबई के सुप्रसिद्ध लालबाग का राजा श्रीगणेश जी की प्रतिमूर्ति विराजमान हो चुकी है और भक्तों को आशीर्वाद दे रही है।इसी के साथ श्री काशी मराठा गणेश उत्सव समिति का 17वां पांच दिवसीय श्रीगणेश उत्सव समारोह का शुभारंभ हो गया।बुधवार को मराठा परंपरा के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से प्रतिमूर्ति की स्थापना की गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने श्रीगणेश पूजन और महाआरती संपन्न की। समिति के पदाधिकारियों और संरक्षकों ने उनका अंगवस्त्र, माल्यार्पण और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि भगवान गणेश की कृपा से सभी लोग सुखी और समृद्ध रहें। साथ ही उन्होंने काशीवासियों को जानकारी दी कि आज से वाराणसी कैंट से आठवीं वंदे भारत रेलगाड़ी की शुरुआत हुई है, जो श्रीगणेश चतुर्थी पर काशी के लिए विशेष उपहार है।शाम को जय पांडेय ग्रुप ने गणेश भजन संध्या प्रस्तुत कर भक्तों को मंत्रमुग्ध किया। रात 9 बजे भव्य महाआरती सम्पन्न हुई।आयोजन में बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और भक्तगण मौजूद रहे।समिति ने जानकारी दी है कि 28 अगस्त को सांयकाल 5 बजे फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता तथा 6 बजे से डांस प्रतियोगिता का आयोजन होगा।जबकि प्रतिदिन सुबह 9 बजे और रात्रि 9 बजे गणपति बप्पा की भव्य महाआरती संपन्न होगी।
