वाराणसी को एक और बड़ी सौगात मिली। 7वीं वंदे भारत ट्रेन का संचालन वाराणसी से मेरठ तक शुरू हो गया है। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और यात्रियों ने भी नई ट्रेन का अनुभव लेने के लिए उत्साह दिखाया।यह वंदे भारत ट्रेन वाराणसी कैंट से रवाना होकर अयोध्या, लखनऊ होते हुए मेरठ पहुंचेगी। इस मार्ग पर ट्रेन के चलने से यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक तेज और आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी।
अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाओं से लैस यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए एक नया अनुभव लेकर आई है।आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्रा ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल लगातार आधुनिकता की ओर बढ़ रही है। वंदे भारत ट्रेनें देश की रेल यात्रा का चेहरा बदल रही हैं। वाराणसी से मेरठ तक नई वंदे भारत ट्रेन शुरू होने से लाखों यात्रियों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।”रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन का संचालन नियमित रूप से होगा और यात्री इसकी टिकट ऑनलाइन व रेलवे काउंटर से बुक कर सकेंगे। यात्रा समय घटने के साथ ही यात्रियों को साफ-सुथरे कोच, आरामदायक सीटें और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध होंगी।
