लंका थाना क्षेत्र स्थित अशोक पुरम कॉलोनी में सीवर की गंभीर समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कॉलोनी में महीनों से जलजमाव की स्थिति बनी हुई है और हाल की बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना स्थानीय लोगों की मजबूरी बन गई है।
निवासियों का कहना है कि सीवर लाइन की न तो नियमित सफाई हो रही है और न ही मरम्मत, जिसके कारण पानी निकलने का कोई रास्ता नहीं है। बदबू और गंदगी से माहौल असहनीय हो गया है। लोग आशंका जता रहे हैं कि यदि जल्द ही समाधान नहीं किया गया तो बीमारियों का प्रकोप फैल सकता है। स्थानीय लोगों ने कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। नाराज़ निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर समस्या का तत्काल समाधान नहीं किया गया, तो वे सड़क पर उतरकर विरोध करने को बाध्य होंगे।
