उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून ने कहर ढाया है। लखनऊ, बलिया, सीतापुर और फर्रुखाबाद समेत पांच शहरों में रुक-रुककर बारिश जारी है। सीतापुर की घाघरा नदी उफान पर है, जहां शुकुलपुरवा ग्राम पंचायत का प्राइमरी स्कूल सिर्फ 7 सेकेंड में पानी में डूब गया। इस स्कूल में 146 बच्चे पढ़ाई कर रहे थे।फर्रुखाबाद में गंगा और रामगंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। 100 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं। गंधिया गांव में प्रसव पीड़ा से ग्रसित महिला को परिजन ट्रैक्टर-ट्रॉली में लिटाकर कायमगंज CHC ले गए, जहां महिला ने बच्ची को जन्म दिया।हरियाणा के हथिनी कुंड और दिल्ली के ओखला बैराज से पानी छोड़ने के बाद मथुरा में बाढ़ आ गई। यमुना का पानी मानसरोवर स्थित राधारानी मंदिर तक पहुँच गया और मंदिर के रास्ते डूब गए।
डीएम ने यमुना में स्नान पर रोक लगाई, और राहत-बचाव के लिए 49 बाढ़ चौकी बनाई गई।मौसम विभाग ने 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में केवल 1.2 मिमी बारिश हुई, जो औसत अनुमान 9.2 मिमी से 87% कम है। प्रदेश में अब तक कुल 521.2 मिमी बारिश हुई, जो औसत अनुमान से 1% कम है।कानपुर में गंगा का जलस्तर डेंजर लेवल से सिर्फ 11 सेंटीमीटर नीचे है, पिछले 24 घंटे में 4 सेंटीमीटर बढ़कर 114.79 मीटर तक पहुँच गया। पांच गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है।बहराइच में खेत में काम कर रहे किसान पर मगरमच्छ ने हमला किया। पत्नी ने 30 मिनट तक डंडों से हमला रोकने की कोशिश की, तब जाकर मगरमच्छ किसान को छोड़कर भागा। घायल किसान को CHC मिहीपुरवा में भर्ती कराया गया।
