काशी हिंदू विश्वविद्यालय में द्वितीय पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री बी.पी. मंडल की जयंती पर सामाजिक न्याय पसंद छात्र संगठनों ने “मंडल रैली” का आयोजन किया। यह रैली काशी विश्वनाथ मंदिर से शुरू होकर लंका गेट होते हुए सिंह द्वार तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
छात्रों ने इस रैली के माध्यम से विश्वविद्यालय में ओबीसी वर्ग के छात्रों को छात्रावासों और सभी इकाइयों में 27% आरक्षण लागू करने की मांग को जोरदार तरीके से उठाया। उनका कहना था कि प्रशासन इस संवैधानिक अधिकार को लंबे समय से नजरअंदाज कर रहा है, जिससे ओबीसी छात्रों में गहरा आक्रोश है। सिंह द्वार पर आयोजित सभा में छात्र नेताओं ने अपने विचार साझा करते हुए मंडल आयोग की अनुशंसाओं को याद किया और कहा कि जब तक विश्वविद्यालय में इन्हें पूर्ण रूप से लागू नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान छात्रों ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही आरक्षण लागू नहीं किया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
