गाज़ीपुर के महाराजगंज स्थित सनबीम स्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 9वीं कक्षा के एक छात्र ने 10वीं कक्षा के छात्र आदित्य वर्मा (14) की चाकू मारकर हत्या कर दी।जानकारी के मुताबिक तीसरे पीरियड के दौरान कुछ छात्र टॉयलेट गए थे। इसी दौरान वॉशरूम के पास दो गुटों के बीच विवाद हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी बीच 9वीं के छात्र ने पानी की बोतल में छुपाकर लाए गए चाकू से आदित्य पर ताबड़तोड़ 3-4 वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल आदित्य को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इस घटना में तीन अन्य छात्र भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।आदित्य वर्मा मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के यूसुफपुर नटराज मोहल्ले का रहने वाला था। उसके पिता शिवजी वर्मा की ज्वेलरी की दुकान है। परिवार ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवाद की असली वजह अभी साफ नहीं है, हालांकि यह बात सामने आई है कि आरोपी छात्र ने पहले से योजना बनाकर चाकू लाया था। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और छात्रों व स्कूल प्रबंधन से पूछताछ कर रही है।
