पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच कर रही ईडी ED ने तृणमूल कांग्रेस TMC के विधायक जीवन कृष्ण साहा को नाटकीय तरीके से गिरफ्तार कर लिया। सुबह जब ईडी की टीम मुर्शिदाबाद जिले के बुरवान स्थित उनके आवास पर छापेमारी करने पहुंची, तो विधायक ने खुद को बचाने के लिए दीवार कूदकर भागने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि भागते समय वे पास के खेत में जा पहुंचे, लेकिन ईडी की टीम ने उन्हें दौड़ाकर वहीं पकड़ लिया।ईडी अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी के समय विधायक के कपड़े और शरीर पर मिट्टी लगी हुई थी।
इसके अलावा, छापेमारी के दौरान उन्होंने सबूत नष्ट करने का भी प्रयास किया। उन्होंने अपने मोबाइल फोन को घर के पास बने तालाब में फेंक दिया था, लेकिन ईडी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तालाब से उनके दोनों मोबाइल बरामद कर लिए। इन मोबाइल फोनों को अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।शिक्षक भर्ती घोटाले से जुड़े इस मामले में जीवन कृष्ण साहा की गिरफ्तारी को जांच एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। ईडी का कहना है कि विधायक से पूछताछ कर घोटाले में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी अहम जानकारी मिलने की संभावना है।
