पुरानी पेंशन बहाली समेत 14 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश के शिक्षक आज सरकार को अपनी ताकत का एहसास कराने में जुट गए। प्रदेशीय नेतृत्व के आह्वान पर पूरे प्रदेश के जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन हो रहा है।वाराणसी में दोपहर 1 बजे पूर्व एमएलसी एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रमोद मिश्र की अगुवाई में शिक्षक अर्दली बाजार स्थित जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचे और धरना दिया। शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली, चयन बोर्ड अधिनियम की धारा 12, 18 और 21 को पुनः स्थापित करने, वित्त विहीन शिक्षकों को समान कार्य हेतु समान वेतनमान देने, निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। शिक्षकों ने अपनी मांगों का ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा।
बढ़ती भीड़ और नाराजगी को देखते हुए जिला प्रशासन ने डीआईओएस दफ्तर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।इधर कचहरी स्थित जेपी मेहता इंटर कॉलेज में माध्यमिक शिक्षकों की आमसभा हुई। इसमें एक नए प्रदेश संगठन के गठन को मंजूरी दी गई। संगठन का नाम "माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश" रखा गया। तय हुआ कि संगठन के पदाधिकारी सिर्फ कार्यरत शिक्षक ही रहेंगे।सभा में सर्वसम्मति से सुधांशु शेखर त्रिपाठी को प्रदेश अध्यक्ष, रेवती रमण शर्मा को महामंत्री और समीर श्रीवास्तव को कोषाध्यक्ष चुना गया। कार्यक्रम में अवनीश कुमार, दिनेश कुमार तिवारी, अरविंद कुमार सिंह, जयशंकर दुबे, वेद कुमार सिंह, निर्भय नारायण राय, सत्येन्द्र दुबे, शरद कुमार, ओमनारायण राय, प्रमोद कुमार पांडेय, सीताराम कबीर, शिवपूजन पटेल, दीपक भारद्वाज, विनोद यादव, चन्द्रभूषण पाण्डेय, अजय त्रिपाठी समेत अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
