बनारस रेल इंजन कारखाना बरेका के पूर्वी मुख्य द्वार पर एक विशेष मोबाइल डेमो वैन के माध्यम से सुरक्षा एवं संरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (PPEs) के महत्व और उनके सही उपयोग के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर महिला रेल कर्मचारी नीतू ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
डेमो वैन में कर्मचारियों को फुट प्रोटेक्शन, फॉल प्रोटेक्शन सिस्टम, कंफाइंड स्पेस सुरक्षा, इमरजेंसी इवैक्युएशन डिवाइस, हेड प्रोटेक्शन, आई व फेस प्रोटेक्शन तथा हैंड प्रोटेक्शन जैसे उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। विशेषज्ञों ने प्रत्येक उपकरण की विशेषताओं और उनके सही प्रयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जिससे कार्य के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और चोटों से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री रामजन्म चौबे ने कहा कि “सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है और प्रत्येक कर्मचारी को कार्य करते समय PPEs का नियमित रूप से उपयोग करना चाहिए।” उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे और सुरक्षा उपकरणों के महत्व को समझते हुए उन्हें निकट से देखा।

