गाजीपुर में 60 फुट का रावण तैयार, दशहरे पर होगा भव्य दहन

 गाजीपुर की प्राचीन रामलीला समिति इस बार दशहरा पर्व को खास बनाने जा रही है। लंका मैदान में करीब 60 फुट ऊंचे रावण का निर्माण किया गया है, जिसका दहन 2 अक्टूबर की शाम 7:30 बजे होगा। रामलीला कमेटी के सचिव ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि पिछले साल जालंधर हादसे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मैदान में डबल बैरिकेडिंग की गई है और पुलिस बल की तैनाती रहेगी। 

रावण दहन का शुभारंभ जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से बटन दबाकर करेंगे। इस बार दिल्ली और स्थानीय कारीगर मिलकर दस पुतले बना रहे हैं, जिनमें रावण, मेघनाथ, कुंभकरण, खर-दूषण, जटायु राज और मत्स्य-कौआ जैसे पात्र शामिल हैं। पुतलों की साज-सज्जा आकर्षक रंगों और कलात्मक डिजाइनों से की जा रही है। करीब दो महीने से चल रहे निर्माण कार्य का अंतिम चरण जारी है। दशहरे के दिन गगनचुंबी रावण के दहन के साथ ही एक बार फिर अच्छाई की बुराई पर विजय का संदेश गूंजेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post